वाराणसी। कैंट थाना पुलिस ने ज्वैलरी दुकान से आभूषण चोरी करने वाली एक शातिर महिला चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। यह कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई, जिससे पूरे मामले का खुलासा संभव हो सका।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला की पहचान शीला देवी (42) पत्नी सोनू विश्वकर्मा, निवासी सिकिया, थाना नारायनपुर, जिला मीरजापुर के रूप में हुई है। घटना 27 जनवरी की बताई जा रही है, जब वह लालपुर-पांडेयपुर स्थित एक ज्वैलरी दुकान पर गहने खरीदने के बहाने पहुंची। उसने दुकानदार से विभिन्न आभूषण दिखवाए और जैसे ही दुकानदार अन्य ग्राहक में व्यस्त हुआ, महिला ने चालाकी से कुछ गहने चुरा लिए और मौके से फरार हो गई।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने महिला की पहचान की और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार शाम कैंट थाना क्षेत्र से उसे धर दबोचा।
पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसके कब्जे से सोने का एक जोड़ा टॉप्स, एक नथिया, दो जोड़ी कान की बालियां, एक जोड़ी कान की छाली (पीली धातु), दो अंगूठियां कुल वजन करीब 16.455 ग्राम तथा चांदी का एक कड़ा करीब 55.380 ग्राम बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामद आभूषणों को सीज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी और बरामदगी की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आरती गोंड, उपनिरीक्षक बलवंत कुमार और कांस्टेबल अतुल कुमार पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के बीच इस तरह की घटनाओं में वृद्धि देखने को मिल रही है, हालांकि सीसीटीवी निगरानी और त्वरित जांच से ऐसे अपराधियों को पकड़ना अब आसान हो गया है। वहीं ज्वैलर्स एसोसिएशन ने भी दुकानों में सुरक्षा के मद्देनजर सख्त सतर्कता बरतने और संदिग्ध ग्राहकों पर विशेष नजर रखने की अपील की है।













