वाराणसी। लंका थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन दिन के भीतर ही घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई बुलेट बाइक बरामद कर ली है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार 11 मार्च को गंगोत्री विहार कॉलोनी, नगवां निवासी गोपाल सिंह की बुलेट बाइक उनके घर के सामने से चोरी हो गई थी। गोपाल सिंह भाजपा महानगर किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी भी बताए जाते हैं। पीड़ित की तहरीर पर लंका थाने में मुकदमा संख्या 0132/2026 के तहत धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के नेतृत्व में लंका थाना पुलिस और सर्विलांस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 14 मार्च की रात करीब 10:30 बजे मदरवा क्षेत्र के पास छापेमारी कर आरोपी लोकेश को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी लोकेश पुत्र स्व. संजय राय, ग्राम अमिला थाना घोसी जिला मऊ का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने शौक पूरा करने के लिए बाइक चोरी की थी। घटना के बाद उसने चोरी की गई बुलेट को मदरवा के पास गंगा किनारे एक पेड़ के नीचे छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्रे रंग की बुलेट बाइक बरामद कर ली, जिसका चेसिस और इंजन नंबर चोरी की गई बाइक से मेल खाता है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह (चौकी प्रभारी नगवा), उपनिरीक्षक राहुल, कांस्टेबल कृष्णकांत पाण्डेय, अमित शुक्ला, सूरज सिंह, पवन यादव तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी शामिल रहे।
इधर घटना के बाद गंगोत्री विहार कॉलोनी के लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी के पास गंगा किनारे शाम के समय बाहरी लोगों का जमावड़ा लगता है और नशे का कारोबार भी होने की शिकायतें हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बनता है। लोगों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
लंका थाना पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह द्वारा की जा रही है।













