चंदौली। जिले के सिकंदरपुर गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नगदी पार कर दी। चोरों ने पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और गल्ले में रखी रकम समेट ले गए। घटना का खुलासा मंगलवार सुबह हुआ, जब दुकानदार पंकज दुकान खोलने पहुंचे।
दो दिन की कमाई पर हाथ साफ
दुकानदार पंकज ने बताया कि हर महीने की पहली तारीख को वह दुकान बंद रखते हैं। सोमवार को भी दुकान बंद थी, ऐसे में दो दिन का कारोबारी पैसा गल्ले में ही रखा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि दुकान में सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला पूरी तरह खाली था, साथ ही पिछली दीवार टूटी हुई थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी और आस-पास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश के लिए सुराग इकट्ठे किए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
ग्रामीणों में आक्रोश
ग्राम प्रधान सत्यप्रकाश गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने मांग की कि रात में गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









