भदोही। औराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी तीन अंतरराज्यीय डकैतों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियार, लूटी गई कार, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश कोठरा बाईपास के पास मौजूद हैं। इसके बाद रात करीब 2:10 बजे पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें तीनों बदमाशों के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान पंकज राव (38 वर्ष) निवासी नटवलिया थाना कसिया जनपद कुशीनगर, सर्वेश सिंह (28 वर्ष) निवासी बाबूछपरा मोरबन थाना रामकोला जनपद कुशीनगर और सकलेन (44 वर्ष) निवासी अहरौली राय थाना कसिया जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पंकज राव पर करीब 28, सर्वेश सिंह पर 13 और सकलेन पर लगभग 27 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने उनके पास से तीन तमंचा 315 बोर, तीन खोखा कारतूस, पांच जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक मारुति सुजुकी बलेनो कार, तीन मोबाइल फोन और लूट के आठ हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को उन्होंने जयरामपुर इलाके में बैंक से पैसा निकालकर लौट रहे एक बुजुर्ग को बहला-फुसलाकर कार में बैठाया था और घोसिया ओवरब्रिज के पास उनसे 49 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। लूट की रकम से उन्होंने ईंधन और अन्य खर्च किए तथा बाकी पैसे आपस में बांट लिए। बरामद आठ हजार रुपये उसी लूट का शेष हिस्सा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी नई लूट की योजना बना रहे थे और सुरक्षा के लिए हमेशा तमंचा रखते थे। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया।
थाना औराई में मुकदमा संख्या 74/2026 के तहत धारा 109(1)/3(5) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों में भी उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।













