चन्दौली। विकास की रफ्तार को तेज करने और बुनियादी सेवाओं को शत-प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नीति आयोग भारत सरकार, नई दिल्ली के प्रतिनिधि शिवम मिश्रा ने की। यह विशेष तीन माह का मिशन 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें आकांक्षी जिलों और ब्लॉकों के प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPI) पर फोकस करते हुए शत-प्रतिशत संतृप्ति हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के अंतर्गत आकांक्षी ब्लॉकों में छह प्रमुख संकेतकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इनमें आईसीडीएस योजना के तहत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित पूरक पोषण उपलब्ध कराना, आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों की नियमित माप एवं पोषण स्थिति की निगरानी, सभी संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यात्मक शौचालय और शुद्ध पेयजल सुविधा सुनिश्चित करना, विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय व्यवस्था तथा गोवंश का शत-प्रतिशत एफएमडी टीकाकरण प्रमुख रूप से शामिल है।
इसी प्रकार आकांक्षी जिलों के लिए पांच प्रमुख केपीआई तय किए गए हैं, जिनमें जन्म के समय बच्चों का शत-प्रतिशत वजन, अनुमानित मामलों के सापेक्ष टीबी अधिसूचना दर में वृद्धि, ग्राम और शहरी स्तर पर नियमित स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस का आयोजन, बालिका शौचालयों से युक्त विद्यालयों का प्रतिशत बढ़ाना तथा पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य सुनिश्चित करना शामिल है।
बैठक के दौरान अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट, जनजागरूकता कार्यक्रम और व्यवहार परिवर्तन गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक माह प्रगति की ट्रैकिंग कर जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
नीति आयोग के प्रतिनिधि शिवम मिश्रा ने कहा कि चन्दौली जनपद स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि अन्य सभी मानकों पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए चन्दौली को आकांक्षी जनपद की श्रेणी से बाहर निकालकर विकसित और आधुनिक जनपद के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय, स्वच्छता और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बच्चों में स्वच्छता संबंधी आदतों के विकास पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई. के. राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, डीपीओ आईसीडीएस राज कपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और अभियान की सफलता के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।













