रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (आरआरसी) ने पश्चिम रेलवे में अप्रेंटिस के 5349 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया 21 फरवरी 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन बिना लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के केवल मेरिट के आधार पर किया जाएगा। ट्रेनिंग अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है।
शैक्षिक योग्यता
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का न्यूनतम 50% अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही अभ्यर्थी के पास एनसीवीटी से मान्यता प्राप्त संस्थान का संबंधित ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है।
आयु सीमा
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। एससी/एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी को 3 वर्ष और पीडब्ल्यूडी अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और सभी महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन निशुल्क है।
चयन प्रक्रिया
इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा। उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट के जरिए की जाएगी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
स्टाइपेंड
चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के दौरान रेलवे बोर्ड के नियमों के अनुसार स्टाइपेंड दिया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
सबसे पहले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और “अप्लाई ऑनलाइन” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद न्यू रजिस्ट्रेशन कर जरूरी जानकारी भरें। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद लॉग इन कर आवेदन फॉर्म भरें और सबमिट कर दें।













