वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन को लेकर मंदिर न्यास ने अहम निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए न्यास ने स्पर्श दर्शन सहित सभी विशिष्ट एवं विशेष सुविधाओं पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह व्यवस्था 24 दिसंबर 2025 से लागू कर दी गई है।
मंदिर प्रशासन का कहना है कि इन दिनों देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अत्यधिक भीड़ के कारण दर्शन व्यवस्था को नियंत्रित रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। इसी को देखते हुए न्यास ने यह कदम उठाया है।
जारी सूचना में साफ किया गया है कि इस अवधि में कोई भी श्रद्धालु स्पर्श दर्शन या विशेष सुविधा के लिए आग्रह न करें। दर्शन केवल सामान्य कतार प्रणाली के माध्यम से ही कराए जाएंगे, ताकि भीड़ प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सके और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।
मंदिर न्यास ने बताया कि आगामी 3 जनवरी को श्रद्धालुओं की संख्या और हालात की समीक्षा की जाएगी। यदि उस समय भीड़ में कमी आती है, तो परिस्थितियों के अनुसार स्पर्श दर्शन और अन्य सुविधाओं को लेकर आगे निर्णय लिया जा सकता है।
न्यास ने सभी श्रद्धालुओं, विशिष्ट व्यक्तियों और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन आस्था और श्रद्धा का विषय है, न कि विशेष सुविधा का। सभी से शांति, संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपेक्षा की गई है, ताकि हर भक्त को सुरक्षित और सुचारु रूप से दर्शन का अवसर मिल सके।









