चंदौली। मारूफपुर तीरगाँवा से चंदौली वाया चहनियां–सकलडीहा निर्माणाधीन फोर लेन सीसी रोड के निर्माण में कार्यदाई संस्था एपको कंपनी की लापरवाही अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारी, राहगीर और वाहन चालक सभी धूल, गड्ढों और अव्यवस्था से त्रस्त हैं।
निर्माणाधीन मार्ग पर मारूफपुर और मझीलेपुर नदेसर गांव के सामने सड़क और नाली के बीच करीब 3–4 फीट चौड़ा खड्डा महीनों से खुला पड़ा है। बरसाती पानी और नालियों का गंदा पानी इसमें इकट्ठा होकर खतरा पैदा कर रहा है। दुकानों पर आने-जाने वाले ग्राहक कई बार गिरकर घायल हो चुके हैं, जिससे दुकानदारों की दुकानदारी प्रभावित हो रही है।
राहगीर सड़क पर उड़ती धूल से परेशान हैं, वहीं वाहन चालक जगह-जगह डाइवर्ट बोर्ड न होने से असमंजस में फंसते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह लापरवाही किसी भी समय बड़ा हादसा करा सकती है।
क्षेत्र के शौकत अली, सुरेश चौरसिया, अंकित मिश्रा, सुशील मिश्रा, रोहित कुमार, शिवसुन्दर सिंह सहित कई लोगों ने चेताया है कि यदि दो दिन के भीतर गड्ढा नहीं भरा गया, तो वे सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
वहीं, जब इस संबंध में कार्यदाई संस्था एपको कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर से पूछा गया तो उनका सिर्फ यही रटा-रटाया जवाब मिला –
“हम अपने हिसाब से काम करेंगे, किसी दबाव में नहीं।”
यह स्थिति साफ दर्शाती है कि निर्माण कार्य में मनमानी और अनदेखी स्थानीय जनता के लिए भारी परेशानी खड़ी कर रही है।













