चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के रामपुर (सरने) गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसमें सगे भाई-बहन की पानी भरे गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। दोनों आंगनबाड़ी केंद्र से पढ़ाई कर लौट रहे थे कि अचानक रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सरने निवासी सूरज कुमार की चार वर्षीय पुत्री खुशबू और ढाई वर्षीय पुत्र शिवांशु रोजाना की तरह मंगलवार को भी गांव के पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र गए थे। दोपहर करीब 12 बजे जब स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में खेतों में बारिश का पानी जमा होने से बने गड्ढे में दोनों फिसलकर गिर पड़े। जब तक आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला, तब तक दोनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं।
घटना की खबर मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार हो रही बारिश से गांव की गलियों और खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
गांव के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी की व्यवस्था की गई होती तो शायद आज यह दर्दनाक हादसा न होता। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्थानों पर स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह की त्रासदी न झेलनी पड़े।









