देवरिया। जिले के गौरीबाजार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पेट्रोल पंप से बाइक में तेल भराकर घर लौट रहे इंटर के छात्र को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बखरा खास के पलिया मजरे निवासी 17 वर्षीय आर्यन कुमार निषाद पुत्र अमन निषाद नेशनल इंटर कॉलेज चोरखरी का छात्र था। शुक्रवार सुबह वह बाइक में तेल भरवाने के लिए वकीलंगंज गया था। लौटते समय वह बखरा इंटर कॉलेज के पास गौरीबाजार-हाटा मार्ग पार कर रहा था, तभी गौरीबाजार की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक छात्र की उसी दिन बोर्ड परीक्षा थी। वह सुबह तेल भराकर घर लौट रहा था और इसके बाद परीक्षा देने जाने की तैयारी में था। परिवार के लोगों का कहना है कि वह पढ़ाई में होनहार था और भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रहा था, लेकिन एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी सारी उम्मीदें खत्म कर दीं।
आर्यन अपने दो भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई आरव की उम्र महज आठ साल बताई जा रही है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बिंदु देवी बेसुध हो गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है और लोग इस हादसे को लेकर आक्रोश भी जता रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गौरीबाजार-हाटा मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों का आतंक बना रहता है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और नियमित पुलिस चेकिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करने वाली स्कॉर्पियो की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।













