आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में गाजीपुर के दो व्यापारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भुजही मोड़ के पास उस समय हुआ, जब एक मारुति कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गाजीपुर जनपद के जखनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत दुल्लहपुर निवासी सिद्दीकी (38 वर्ष) और सेमौर निवासी शशि सिंह (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों गारमेंट व्यवसाय से जुड़े थे और जखनियां क्षेत्र में उनकी कपड़ों की दुकानें संचालित थीं। बताया जा रहा है कि दोनों व्यापारी खलीलाबाद से कपड़ों की खरीदारी कर रविवार सुबह कार से दुल्लहपुर लौट रहे थे।
कार चला रहे तौफीक, जो मृतक सिद्दीकी के भाई बताए जा रहे हैं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद वह कार में ही फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल चालक को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही जहानागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही गाजीपुर में मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग और रिश्तेदार जिला अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। दोनों व्यापारियों की असामयिक मौत से उनके गांव और व्यापारिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर गहरा दुख जता रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। वहीं यह हादसा एक बार फिर सड़क पर सावधानी और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की जरूरत को उजागर करता है।













