शाहजहांपुर। जिले के रोजा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक हृदयविदारक रेल हादसे में दंपती और उनके दो मासूम बच्चों सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रोजा रेलवे स्टेशन के पास स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर उस समय हुआ, जब एक ही बाइक पर सवार परिवार रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार गरीब रथ एक्सप्रेस आ गई और बाइक सवारों को रौंदते हुए निकल गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शव रेलवे ट्रैक पर दूर-दूर तक बिखर गए। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों की रूह कांप उठी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना रोजा की पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर सील किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय हरिओम निवासी ग्राम बन्के गांव, थाना उचौलिया, जिला लखीमपुर खीरी, उनके साढ़ू सेठ पाल निवासी गांव विकन्ना, थाना निगोही (शाहजहांपुर), सेठ पाल की 35 वर्षीय पत्नी पूजा तथा उनके दो मासूम बच्चों के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर लापरवाही और तेज रफ्तार ट्रेन हादसे का कारण बनी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर ऐसे क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजामों और सतर्कता की जरूरत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









