चंदौली। जिले में गुरुवार को हुई तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। चंदौली क्षेत्र के कांटा साइफन स्थित कम्पोजिट शॉप के पास सड़क पर एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इस वजह से लोगों का आवागमन घंटों तक ठप रहा और आसपास के ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कई घंटे तक सड़क जाम
स्थानीय लोगों ने बताया कि पेड़ गिरने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाइक सवारों और पैदल यात्रियों को तो किसी तरह निकलने का रास्ता मिल गया, लेकिन चार पहिया वाहन पूरी तरह फंसे रहे। कई यात्री बीच रास्ते में ही घंटों तक इंतज़ार करते रहे।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना देने के बावजूद कई घंटे तक कोई सक्षम अधिकारी या विभागीय कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस वजह से लोगों को खुद ही रास्ता निकालने की कोशिश करनी पड़ी। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते पेड़ हटवाया नहीं गया तो यह मार्ग लंबे समय तक बाधित रह सकता है।
ग्रामीणों की मांग
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत पेड़ को हटवाकर सड़क को बहाल किया जाए और भविष्य में ऐसे हालात से निपटने के लिए त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर ऐसी घटनाओं पर प्रशासन शीघ्र संज्ञान नहीं लेगा तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









