वाराणसी। राधा कृष्ण महिला महाविद्यालय परिसर में मंगलवार को भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन व योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसे ऐतिहासिक कार्य किए, जिन्हें भारतीय राजनीति और समाज लंबे समय तक याद रखेगा। उन्हें गरीबों, पिछड़ों और वंचित वर्गों का सच्चा मसीहा बताते हुए कहा गया कि सामाजिक न्याय की अवधारणा को जमीन पर उतारने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। मंडल आयोग की सिफारिशों से पहले ही बिहार में आरक्षण लागू कर उन्होंने सामाजिक समानता की दिशा में मिसाल कायम की थी।
वक्ताओं ने कहा कि दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहने के बावजूद कर्पूरी ठाकुर ने सादगीपूर्ण जीवन जिया। उनके पास न तो निजी पक्का मकान था और न ही कोई व्यक्तिगत वाहन, जो उनकी ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी यही सादगी और निष्पक्षता आज भी राजनीति में आदर्श मानी जाती है।
कार्यक्रम में इंद्रजीत शर्मा, परशुराम सिंह यादव, बैजनाथ यादव, किसान नेता केदार यादव, जितेंद्र प्रताप, गंगाराम यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने जननायक के विचारों को अपनाने और सामाजिक न्याय की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।









