चंदौली। सैयदराजा पुलिस ने गो-तस्करी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार राशि गोवंश (गाय) बरामद किए हैं। दोनों आरोपी बिहार राज्य के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह कार्रवाई बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-02) पर ग्राम बगही कुम्भापुर के पास की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से गो-तस्करों में हड़कंप मच गया है।
प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि बुधवार की रात उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह व हमराह टीम के साथ गो-तस्करी की रोकथाम के लिए हाईवे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो वाहन गोवंशों को लेकर बिहार की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और बगही कुम्भापुर स्थित बीपी पेट्रोल पंप के पास खजाना टन्टूरी ढाबा के सामने दोनों संदिग्ध वाहनों को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहनों से चार गोवंश बरामद किए गए। पूछताछ करने पर चालक व उनके साथी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। सख्ती बरतने पर दोनों ने स्वीकार किया कि वे गो-तस्करी के धंधे में शामिल हैं और गोवंशों को अवैध रूप से बिहार ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया जबकि वाहन स्वामी मौका पाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान राहुल कुमार, निवासी सकरी, थाना कुदरा, जिला भभुआ (बिहार) और अरविंद कुमार, निवासी मौरा, थाना चेनारी, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय बताए जा रहे हैं और पहले भी इनका नाम तस्करी की गतिविधियों में सामने आ चुका है।
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना सैयदराजा में गोवध निवारण अधिनियम, धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम, और धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार फरार वाहन स्वामी की तलाश में दबिश दी जा रही है। संबंधित जिलों की पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है ताकि गो-तस्करी के इस नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। बताया जा रहा है कि ये तस्कर रात के समय अलग-अलग रास्तों से मवेशियों को बिहार की ओर भेजते थे, जहाँ इन्हें ऊँचे दामों पर बेचा जाता था।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वर प्रसाद पांडेय, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन हुँमायु सिंह, कांस्टेबल विष्णु दत्त प्रजापति तथा कांस्टेबल बृजेश चौहान शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।













