चंदौली। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सकलडीहा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार की देर रात रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक तमंचा 12 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गुलशन पुत्र हरिवंश राम और गुलशन कुमार गौतम पुत्र रामा प्रसाद गौतम, निवासी नोनार गांव, थाना सकलडीहा, के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे सुनसान स्थानों पर राहगीरों को पिस्टल और तमंचा दिखाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके अन्य साथी भी कई वारदातों में शामिल रहते हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों अपराधियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उनके गिरोह से जुड़े बाकी सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्र, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार यादव, कांस्टेबल रोहित गौड़ और गौरव पटेल शामिल रहे।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में राहगीरों और आम जनता में राहत की भावना बनी है। पुलिस का दावा है कि आगे भी ऐसे अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए सघन अभियान जारी रहेगा।









