चंदौली। जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के भीषमपुर गांव में नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेम विवाह करने वाले पति पर ही पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतका की पहचान 21 वर्षीय बबली कुमारी के रूप में हुई है, जिसने करीब दो वर्ष पहले गांव के ही शनि कुमार मौर्य उर्फ शनि से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती समय तक दंपती के बीच सब कुछ सामान्य बताया जा रहा है, लेकिन सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में बबली की मौत हो गई। पति ने शुरुआत में तबीयत बिगड़ने की बात कही, मगर गले पर मिले स्पष्ट निशानों ने मामले को हत्या की ओर मोड़ दिया।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा करते हुए दामाद पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची चकिया पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर और क्षेत्राधिकारी चकिया के पर्यवेक्षण में जांच टीम गठित की गई। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी पति शनि कुमार मौर्य को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ दहेज प्रतिषेध अधिनियम और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और मजबूत की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। प्रेम विवाह के बाद हुए इस हत्याकांड ने घरेलू कलह और वैवाहिक संबंधों में बढ़ती हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।













