चंदौली। बलुआ स्थित बाल्मीकि इंटर कॉलेज के मैदान पर मंगलवार की शाम मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बलुआ पुलिस और मिशन शक्ति टीम की ओर से दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी (सीओ) सकलडीहा स्नेहा तिवारी और बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा उन्हें मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देते हुए जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने फीता काटकर किया। सभी प्रतिभागियों ने मिशन शक्ति अभियान की टी-शर्ट पहनकर दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
- 100 मीटर दौड़: नगमा खातून प्रथम, खुशी सिंह द्वितीय, मरजीना तृतीय।
- 200 मीटर दौड़: प्रियंका निषाद प्रथम, चंचल साहनी द्वितीय, प्रियंका कन्नौजिया तृतीय।
- 400 मीटर दौड़: मनीषा यादव प्रथम, उजैसा द्वितीय, रिमझिम तृतीय।
सीओ स्नेहा तिवारी ने कहा कि खेलकूद में यह मायने नहीं रखता कि कौन जीता या हारा, बल्कि असली जीत उस आत्मविश्वास की होती है जो भाग लेने से मिलता है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। किसी भी शोहदे से डरने की जरूरत नहीं है, पुलिस सदैव आपके साथ है।
बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने कहा कि जिस तरह बालिकाओं ने खेल में साहस और आत्मविश्वास दिखाया है, उसी तरह समाज में भी मिशन शक्ति के तहत अपनी शक्ति का प्रदर्शन करें। उन्होंने बताया कि शोहदों और मनचलों पर पुलिस का शिकंजा कसना शुरू हो गया है।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक जमिलुद्दीन खान, बिनोद कुमार सिंह, राम बिहारी सिंह, कांस्टेबल विजय नाथ यादव, महिला कांस्टेबल कौशल्या देवी, चिंता देवी, खुशबू रानी, शालिनी चौधरी आदि उपस्थित रहे। संचालन बैडमिंटन कोच डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया।













