चंदौली। मिशन शक्ति फेज-5 के तहत छात्राओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को बलुआ थाने में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसओ अतुल कुमार ने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और उनकी उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 1098 चाइल्डलाइन बच्चों के लिए चौबीसों घंटे निःशुल्क और गोपनीय सेवा है। इसका उद्देश्य अनाथ, बेसहारा, गुमशुदा या संकटग्रस्त बच्चों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। यह सेवा घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और अन्य शोषण से पीड़ित बच्चों की मदद करती है, साथ ही शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का कार्य भी करती है।
इसी प्रकार 112 नंबर देशभर में उपलब्ध आपातकालीन सेवा है, जिसके जरिए पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस जैसी तात्कालिक मदद ली जा सकती है। वहीं, 1090 महिला हेल्पलाइन महिलाओं की सुरक्षा के लिए समर्पित है, जो चौबीस घंटे निःशुल्क उपलब्ध रहती है।
एसओ अतुल कुमार ने छात्राओं को यह भी आश्वासन दिया कि वे बलुआ थाने के सीधे संपर्क नंबर 9454403180 पर भी किसी भी समस्या की सूचना दे सकती हैं। पुलिस हर परिस्थिति में उनकी मदद के लिए तत्पर रहेगी।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन है। इसके तहत छात्राओं और महिलाओं को न केवल सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, सचिदानन्द सिंह, सुनील सिंह, बाबूलाल यादव और विजय सिंह सहित कई शिक्षक व स्थानीय लोग मौजूद रहे।













