डीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत रेलवे चौकी क्षेत्र के चकिया-चंदौली तिराहे (गंजी प्रसाद तिराहा) स्थित पुलिस सहायता केंद्र के पास रविवार देर रात एक पत्रकार पर अराजक तत्व ने अचानक हमला कर दिया। घटना की सूचना तत्काल फोन के माध्यम से मुगलसराय कोतवाल को दी गई।
सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात मुंसी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि दो सिपाहियों की मौजूदगी में ही आरोपी हाथ छुड़ाकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों और पत्रकारों का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ट्रकों से वसूली में व्यस्त थे, जिसके चलते आरोपी को भागने का मौका मिल गया। इस घटना को लेकर पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है और उन्होंने कहा है कि वे इस मामले की शिकायत जनपद के पुलिस अधीक्षक से करेंगे।
पत्रकारों का सवाल है कि अगर निठल्ले और सुस्त सिपाहियों के भरोसे ही व्यवस्था चलेगी तो अपराध कैसे नियंत्रित होगा? फिलहाल कोतवाली में इस संबंध में तहरीर दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
संवाददाता- अभिषेक राहुल सिंह









