चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के नेगुरा माइनर में बुधवार को सुबह एक अज्ञात युवक बेहोशी की हालत में मिला। नहर किनारे से गुजर रहे राहगीरों ने जब युवक को अचेत देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा।
डॉक्टरों के अनुसार युवक के गले पर रस्सी के गहरे निशान पाए गए हैं। इस वजह से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएँ तेज हो गई हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक आत्महत्या का प्रयास कर रहा था या फिर किसी ने उसे मारने की कोशिश की।
डॉक्टरों ने बताया कि घायल युवक को होश आ गया है, लेकिन वह अभी तक बोल नहीं पा रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
इधर, पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराने के लिए पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास के थानों में जानकारी भेजी गई है और लापता लोगों के परिवारों से भी संपर्क साधा जा रहा है। पुलिस की निगरानी में फिलहाल उसका इलाज जारी है।









