वाराणसी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को पावन नगरी वाराणसी में स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की। दो दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री ने ज्योतिर्लिंग का अभिषेक कर देश में सुख, शांति, समृद्धि तथा विकसित भारत के निर्माण की कामना की।
मंदिर परिसर से बाहर निकलकर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे और देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने काशी को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
होली की शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय मंत्री ने लोगों से अपील की कि रंगों के इस पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े सवाल पर उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी से दूरी बनाते हुए कहा कि होली के अवसर पर सभी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर भक्ति भाव से त्योहार मनाना ही सबसे बड़ा संदेश है।









