लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया तेज हो गई है। लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे निरीक्षकों के लिए खुशखबरी सामने आई है। विभागीय प्रोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक में 79 निरीक्षकों को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर प्रोन्नत करने पर सहमति बनी है।
सूत्रों के मुताबिक, डीपीसी में नागरिक पुलिस और शस्त्र पुलिस के निरीक्षकों के नामों पर विचार कर उन्हें पीपीएस संवर्ग में पदोन्नति देने की संस्तुति की गई है। अब इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी के बाद गृह विभाग औपचारिक आदेश जारी करेगा।
करीब दो साल पहले 117 निरीक्षकों को डीएसपी पद पर पदोन्नति दी गई थी। इसके अतिरिक्त हाल ही में पीपीएस संवर्ग के 21 अधिकारियों को आईपीएस कैडर में प्रोन्नति मिल चुकी है। ऐसे में इस बार 79 निरीक्षकों की पदोन्नति से पुलिस विभाग में नई ऊर्जा का संचार होगा।
हालांकि, कुछ निरीक्षकों की फाइलें अभी भी लंबित हैं, जिन पर निर्णय लिया जाना बाकी है। अधिकारियों का कहना है कि मंजूरी मिलते ही पदोन्नति की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी, जिससे प्रोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिल सकेगी।
एसोसिएट एडिटर- अनिरुद्ध जायसवाल









