लखनऊ/चन्दौली। अखिल भारतीय कांग्रेस ने वर्ष 2025 को संगठन सृजन वर्ष के रूप में घोषित किया है। इसी अभियान के तहत पूरे देश में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन के गठन एवं विस्तार का कार्य तेज़ी से चल रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने जनपद चन्दौली के निवासी प्रदीप मिश्रा को किसान कांग्रेस पूर्वी जोन का प्रदेश उपाध्यक्ष और विनोद सिंह गणित को प्रदेश महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदीप मिश्रा पूर्व में जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव व किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका और जिले में मज़बूत पकड़ के कारण उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। सैय्यदराजा विधानसभा प्रभारी के रूप में उन्होंने वहां संगठन को मज़बूत करने में मुख्य भूमिका निभाई, वहीं 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान सकलडीहा विधानसभा में बूथ स्तर तक कांग्रेस की पकड़ बनाने में भी उनकी अहम भूमिका रही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की स्वीकृति और किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राम भवन शुक्ल के प्रस्ताव पर प्रदीप मिश्रा का चयन प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर हुआ। जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने सर्वप्रथम चन्दौली के विकास पुरुष कहे जाने वाले पंडित कमलापति त्रिपाठी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कांग्रेसजनों संग आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा –
“किसानों की खुशहाली और उनकी समस्याओं का समाधान ही किसान कांग्रेस का असली लक्ष्य है। संगठन बूथ स्तर पर मज़बूत होगा तो किसानों की आवाज़ भी मज़बूती से उठेगी।”
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसीसी सदस्य डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, पीसीसी सदस्य गंगा प्रसाद, किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव प्रदीप पाण्डे उर्फ़ साजु, श्रीकांत पाठक, असगर मिर्जा, नरेंद्र तिवारी, शमशेर अली सहित कई अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।









