वाराणसी। सिविल कोर्ट परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एसीजेएम षष्ठम की कोर्ट में पेशी के दौरान एक महिला ने जज के सामने ही अपने बैग से चाकू निकाल लिया और एक महिला अधिवक्ता को धमकाने लगी। अचानक हुई इस घटना से कोर्ट रूम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि सुरक्षाकर्मियों और मौजूद अधिवक्ताओं की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान रेखा देवी के रूप में हुई है, जो मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चंगवार बेनीपुर गांव की निवासी बताई जा रही है। वह करीब दो महीने पहले परिजनों द्वारा मारपीट के मामले में मेडिकल रिपोर्ट लेकर कोर्ट पहुंची थी। सुनवाई के दौरान उसकी अपने केस की पैरवी कर रही महिला अधिवक्ता से किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई।
बताया जा रहा है कि महिला अधिवक्ता ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई, जिससे महिला भड़क गई। गुस्से में उसने अचानक बैग से चाकू निकाल लिया और अधिवक्ता को धमकाने लगी। जज के सामने यह दृश्य देख कोर्ट रूम में मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत काबू में लिया और उसके हाथ से चाकू छीन लिया। सूचना पर पहुंची कैंट थाना पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लगी। पूछताछ के दौरान वह लगातार पारिवारिक विवाद, मारपीट और घरेलू तनाव की बात दोहराती रही। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद महिला चाकू लेकर कोर्ट रूम तक कैसे पहुंच गई।
हाल के दिनों में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकियों के चलते सुरक्षा बढ़ाई गई थी, इसके बावजूद चाकू जैसे हथियार का अंदर पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।













