वाराणसी। आगामी वसंत पंचमी और महाशिवरात्रि महापर्वों को लेकर वाराणसी नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्वों को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बुधवार को स्मार्ट सिटी सभागार, सिगरा में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में महापौर ने शहर की साफ-सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और सीवर सिस्टम को समय से दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि वसंत पंचमी के अवसर पर होने वाले सरस्वती पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई कराई जाए, चूना छिड़काव हो और सीवर व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे। प्रतिमा विसर्जन को लेकर निर्धारित स्थानों पर अस्थायी कुंड बनाने के भी निर्देश दिए गए।
महाशिवरात्रि के मद्देनज़र महापौर ने शहर के प्रमुख शिवालयों तक जाने वाले मार्गों को गड्ढा मुक्त करने और आवश्यकतानुसार चौड़ा करने का आदेश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो। शिव मंदिरों के आसपास पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि दोनों पर्वों के दौरान स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि त्योहारों से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालु काशी में पर्वों का आनंद सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से ले सकें।









