वाराणसी। मोहित अग्रवाल ने पुलिस व्यवस्था में प्रदर्शन आधारित जवाबदेही तय करते हुए निष्क्रियता पर कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को यातायात लाइन के नवीन सभागार में आयोजित सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वही थानाध्यक्ष पद पर बना रहेगा, जो उत्कृष्ट कार्य, प्रभावी अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण में सफल होगा।
इसी क्रम में पिछले एक माह में उल्लेखनीय कार्य न करने वाले दो थानाध्यक्षों पर कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक लोहता राजबहादुर मौर्य और प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही कई थानों में फेरबदल करते हुए नई तैनातियां भी की गई हैं।
नियुक्तियां इस प्रकार हैं—
निरीक्षक सधुवन राम (कपसेठी से चोलापुर), निरीक्षक दुर्गा सिंह (पुलिस लाइन से भेलूपुर), उपनिरीक्षक दिगम्बर उपाध्याय (पीआरओ, पुलिस आयुक्त से लोहता थानाध्यक्ष) और उपनिरीक्षक विकास कुमार मौर्या (चौकी प्रभारी चिरईगांव से कपसेठी) को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गोष्ठी के दौरान पुलिस आयुक्त ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि एनपीएस, आवास, मूलभूत सुविधाओं और कल्याण से जुड़ी सभी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। थानों की आधारभूत सुविधाओं को भी चरणबद्ध तरीके से सुधारने की बात कही गई।
अपराध समीक्षा में डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया गया। ई-समन प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने, यक्ष ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन और iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर लंबित प्रशिक्षण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विवेचनाओं में भी तेजी लाते हुए सामान्य मामलों में 30 दिन और गंभीर मामलों में 45 दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल करने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था सुधार के लिए Reducing Traffic Congestion (RTC) योजना के तहत चिन्हित प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ‘5E मॉडल’—Education, Enforcement, Engineering, Encroachment Removal और E-rickshaw Operation—को लागू कर जाम की समस्या कम करने पर जोर दिया गया।
महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, गोतस्करी, एनडीपीएस, साइबर अपराध, जुआ, हुक्का बार और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्त अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए अग्निशमन इकाइयों के रिस्पांस टाइम को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में आलोक प्रियदर्शी और शिवहरी मीणा सहित पुलिस विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।













