वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विशेष रजिस्ट्री कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 23 से 25 मार्च तक प्राधिकरण सभागार में चले इस कैंप में कुल 132 आवंटियों ने भाग लेकर सुविधा का लाभ उठाया।
कैंप का आयोजन उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के निर्देश पर किया गया, जबकि इसकी अध्यक्षता संपत्ति अधिकारी आनंद प्रकाश तिवारी ने की। नवरात्रि के अवसर पर लगाए गए इस विशेष कैंप का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर रजिस्ट्री की सरल सुविधा उपलब्ध कराना था।
आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन 25, दूसरे दिन 50 और तीसरे दिन 52 आवंटियों ने भाग लिया। इनमें से पहले दिन 6, दूसरे दिन 13 और तीसरे दिन 17 आवंटियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कराई गई। शेष आवेदकों के दस्तावेजों का परीक्षण कर उन्हें आगे की औपचारिकताओं के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
कैंप प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित किया गया, जिसमें पूर्ण भुगतान कर चुके आवंटियों को प्राथमिकता के आधार पर रजिस्ट्री की सुविधा दी गई। प्राधिकरण ने प्रक्रिया को पारदर्शी, त्वरित और सरल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
साथ ही, आवंटियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस प्रकार की सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।









