जशपुरनगर। 13 जनवरी 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खपत के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग, राजस्व विभाग एवं मार्कफेड की संयुक्त टीम द्वारा विकासखंड बगिया स्थित वेदांश राइस मिल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राइस मिल परिसर में उपलब्ध धान का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें लगभग 9700 क्विंटल धान की गंभीर कमी पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वेदांश राइस मिल को सील कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में धान के अवैध परिवहन और खपत पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।









