चंदौली। बाढ़ का पानी घट जाने के बाद भी मुकुंदपुर गांव के लोगों की परेशानियाँ खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। गांव के लोग पिछले बारह दिनों से अंधेरे में जीवन यापन कर रहे हैं। कारण है कि बाढ़ के दौरान गिरा हुआ ट्रांसफार्मर और बिजली का खंभा अब तक नहीं सुधारा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बाढ़ ने बिगाड़ी व्यवस्था
हाल ही में आई बाढ़ के दौरान मुकुंदपुर गांव पूरी तरह जलमग्न हो गया था। पानी भर जाने से अधिकांश लोग गांव छोड़कर अन्यत्र शरण लेने को मजबूर हो गए थे।
- ट्रांसफार्मर और खंभा पानी में घिर गया था।
- पानी घटने पर खंभा और ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गए।
अब जबकि जलस्तर कम हो गया है, लोग धीरे-धीरे घर लौटने लगे हैं, लेकिन बिजली न होने के कारण रातें अंधेरे में कट रही हैं।
नारकीय जीवन जीने को मजबूर
ग्रामीणों ने बताया कि
“हमने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार सूचना दी, लेकिन न तो कोई देखने आया और न ही मरम्मत की गई। घर वापस लौट आए हैं, पर अंधेरे और परेशानियों से जूझ रहे हैं।”
बिजली की आपूर्ति न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं मोबाइल चार्ज करने तक की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी भले ही उतर गया हो, लेकिन कठिनाइयाँ अभी भी जस की तस हैं।
उच्चाधिकारियों से गुहार
ग्रामीणों ने प्रशासन और विभागीय उच्चाधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि बाढ़ पीड़ितों का जीवन पटरी पर लौट सके।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













