चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के भतीजा अंडरपास (NH-19) के पास रविवार को हुए मामूली विवाद ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। सड़क किनारे शुरू हुआ वाद-विवाद कुछ ही देर में ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों की बरसात में बदल गया।
10 से 15 लोग भिड़े, महि लाएं भी शामिल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झगड़े में दोनों ओर से करीब 10 से 15 महिला और पुरुष शामिल रहे। इस दौरान एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर चलाए गए। महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं और खुलेआम लाठी-डंडे उठाकर मारपीट में शामिल हो गईं। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति
हाईवे पर चल रही इस हिंसा से राहगीर भी दहशत में आ गए। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर कुछ देर तक स्थिति इतनी तनावपूर्ण रही कि सामान्य यातायात भी प्रभावित हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर रहे हैं। महिलाएं भी सक्रिय रूप से मारपीट करती नजर आ रही हैं। यह वीडियो अब जिले भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और झगड़े की असली वजह की पड़ताल की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













