चंदौली। बबुरी कस्बा के पास शुक्रवार की दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक सवारियों से भरे टोटो को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में पलट गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना डवक चौकी क्षेत्र अंतर्गत लाल चौक के पास हुई। यहां सवारियों से भरा एक टोटो कस्बे की ओर जा रहा था। उसी समय सामने से एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर आ रहा था। टोटो से सीधी टक्कर से बचने के लिए ट्रैक्टर चालक ने अचानक स्टीयरिंग मोड़ी, जिससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में पलट गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रैक्टर टोटो से टकरा जाता, तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। हादसा होते ही आस-पास मौजूद लोग नहर के किनारे दौड़े और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत यह रही कि ट्रैक्टर चालक को चोट नहीं आई, लेकिन वह वाहन छोड़कर तुरंत वहां से भाग गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और ट्रैक्टर को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच कर रही है।
लोगों ने इस घटना के बाद सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई और मांग की कि कस्बाई क्षेत्रों में स्पीड कंट्रोल के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













