चंदौली। लगातार हो रही भारी बारिश से जिले की प्रमुख नदियाँ चंद्रप्रभा, करमनासा और गढ़ई खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई गांवों में पानी घुसने से दहशत का माहौल है। विशेषकर नियामताबाद ब्लॉक अंतर्गत गोपालपुर गांव के पास बह रही गढ़ई नदी का तटबंध बेहद कमजोर हो गया था और पानी ओवरफ्लो करने लगा था।
मौके पर पहुँचे पूर्व जिला अध्यक्ष
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह तत्काल मौके पर पहुँचे। उनके साथ संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद उन्होंने तटबंध को मजबूत करने के कार्य को युद्धस्तर पर शुरू कराया।
संसाधन जुटाकर शुरू हुआ बचाव कार्य
राणा प्रताप सिंह के प्रयासों से तुरंत जेसीबी मशीनें, मिट्टी से भरे बोरे और श्रमिक जुटाए गए। थोड़े ही समय में तटबंध को मजबूती दी गई, जिससे नदी के उफनते पानी पर काबू पाया जा सका। इससे गोपालपुर समेत आधा दर्जन गांवों को बड़ी राहत मिली।
ग्रामीणों ने जताया आभार
स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि यदि समय पर यह कार्य न होता तो स्थिति भयावह हो सकती थी। उन्होंने पूर्व जिला अध्यक्ष और प्रशासन की तत्परता की सराहना की।
“जनसेवा ही धर्म है” – राणा प्रताप सिंह
मौके पर मौजूद राणा प्रताप सिंह ने कहा –
“जनता की सेवा ही मेरा धर्म है। जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, मैं लगातार मौके पर बना रहूंगा। प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव मदद की जाएगी।”
विशेष संवाददाता- गनपत राय









