चंदौली। कांग्रेस नेता अजय राय ने मंगलवार को चंदौली से बिहार जाते समय बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलेगा और भाजपा व एनडीए की राजनीति का अंत हो जाएगा।
गिरिराज सिंह पर साधा निशाना
अजय राय ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नवादा, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जनपद है, वहां जनता ने मंत्री को कई किलोमीटर तक दौड़ाया। उन्होंने इसे बिहार की जनता के जनाक्रोश का प्रतीक बताया।
“हिंदू-मुसलमान को बांटने की राजनीति अब नहीं चलेगी”
कांग्रेस नेता ने कहा कि अब न तो धार्मिक आधार पर नफरत की राजनीति चलेगी और न ही तुष्टीकरण का समय रहा। जनता नौकरी, सम्मान और अधिकार चाहती है।
राहुल गांधी की “वोट अधिकार यात्रा” का समर्थन
अजय राय ने राहुल गांधी की चल रही “वोट अधिकार यात्रा” का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल मिलकर इस संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। उन्होंने इसे महात्मा गांधी की ऐतिहासिक आंदोलन परंपरा से जोड़ते हुए कहा कि –
“जिस तरह महात्मा गांधी ने परिवर्तन की शुरुआत बिहार से की थी, उसी तरह राहुल गांधी भी आज उसी रास्ते पर चल रहे हैं। बिहार की जनता ने हमेशा देश में परिवर्तन की दिशा तय की है।”
विशेष संवाददाता- गनपत राय









