चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के तेनुवट गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की मेड़ पर घास काटते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोग बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
घास काटते समय हुआ हादसा
गांव की बेचना देवी (70 वर्ष), पत्नी झेंगुरी विश्वकर्मा, सुबह पशुओं के लिए घास काटने विद्यालय के समीप खेत की ओर गई थीं। इस दौरान मेड़ पर घास काटते समय अचानक वह टूटे हुए तार के करेंट की चपेट में आ गईं और अचेत होकर वहीं गिर पड़ीं।
बच्चों और ग्रामीणों ने दी सूचना
स्कूल के बच्चों ने महिला को गिरते देखा तो तत्काल प्रधानाध्यापक को जानकारी दी। प्रधानाध्यापक ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान और ग्रामीणों को दी।
ग्रामीण मौके पर पहुँचे और तुरंत बिजली विभाग को फोनकर बिजली कटवाई। इसके बाद डंडे से तार हटाकर महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप – जर्जर तार से हुआ हादसा
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अर्थिंग का तार काफी जर्जर था और मंगलवार की रात टूटकर खेत की मेड़ पर गिर गया था। फेज से जुड़े होने के कारण उसमें करेंट प्रवाहित हो रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। विभाग की ओर से जर्जर तारों की समय-समय पर मरम्मत और देखरेख नहीं की जाती, जिससे ऐसे हादसे लगातार होते रहते हैं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













