वाराणसी। पांडेपुर चौराहे पर एक महिला ने साहस का परिचय देते हुए चेन छीनकर भाग रही आरोपी महिला को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके पास से कटी हुई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार महावीर कॉलोनी, सोना तालाब निवासी संगीता यादव सुबह करीब 11 बजे दीनदयाल अस्पताल से इलाज कराकर टोटो से घर लौट रही थीं। टोटो में उनके साथ तीन अन्य महिलाएं और एक छोटी बच्ची भी बैठ गईं। रास्ते में बच्ची बार-बार उनके पैर दबाने और थूकने जैसी हरकत कर उनका ध्यान भटकाने की कोशिश करती रही।
जब टोटो पांडेपुर चौराहे पर पहुंचा, तभी बगल में बैठी एक महिला ने संगीता यादव के गले से सोने की चेन काट ली और तेजी से भागने लगी। चेन कटने का अहसास होते ही संगीता ने तुरंत उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दौड़कर उसे पकड़ लिया। बाद में आरोपी महिला को पास की पुलिस चौकी पर ले जाकर सौंप दिया गया, जहां पुलिस ने उसके पास से कटी हुई चेन बरामद कर ली।
पूछताछ में पकड़ी गई महिला ने अपना नाम गीता बताया है और खुद को आजमगढ़ का निवासी बताया है। पुलिस का मानना है कि वह किसी गिरोह का हिस्सा हो सकती है, जो इस तरह की वारदातों को अंजाम देता है।
पीड़िता के पति विनोद सिंह यादव, जो गाजीपुर में सहायक अध्यापक हैं, ने बताया कि घटना की लिखित सूचना पुलिस को दे दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर चेन पीड़िता को वापस सौंप दी है।
थाना लालपुर के इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच महिला सब-इंस्पेक्टर मानवी शुक्ला को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके संभावित साथियों और अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।













