भदोही। जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सम्मानित किया। पुलिस लाइन में शुक्रवार को परेड के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने चयनित महिला कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा की। उन्होंने केंद्रों के संचालन, अभिलेखों के रख-रखाव, शिकायतों के निस्तारण और शासन के निर्देशों के प्रभावी अनुपालन को लेकर महिला कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। बेहतर कार्य निष्पादन के लिए महिला मुख्य आरक्षी इन्दू राय (थाना चौरी), महिला आरक्षी मोनी चौहान (थाना औराई), महिला आरक्षी आकांक्षा सिंह एवं नेहा (थाना ऊंज) तथा महिला आरक्षी आकृति द्विवेदी (थाना गोपीगंज) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, विश्वास और सहायता प्रदान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह से महिला कर्मियों का मनोबल बढ़ता है और मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है। इसे महिला सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।









