चंदौली (टांडा कला)रामगढ़ स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम मठ में चल रहे 426वें जन्मोत्सव समारोह में महिला मंडल ने सेवा भाव का परिचय देते हुए बड़ी मात्रा में प्रसाद सामग्री उपलब्ध कराई। क्रि कुंड वाराणसी महिला मंडल की ओर से शनिवार को एक पिकअप गाड़ी में 15 कुंटल चीनी और 50 टीन रिफाइंड ऑयल मठ में पहुंचाया गया।
प्रसाद व्यवस्था में सक्रिय भूमिका
महिला मंडल की अध्यक्ष रूबी सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महिला मंडल ने श्रद्धालुओं के प्रसाद की व्यवस्था में योगदान दिया है। उन्होंने कहा—
“बाबा कीनाराम भगवान शिव के अवतार माने जाते हैं। उनका जीवन सिद्धियों और चमत्कारों से भरा हुआ है, इसलिए अघोर पंथ में उनका विशेष आदर और सम्मान है। उनकी स्मृति में आयोजित इस महोत्सव में सहयोग करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।”
सहयोग करने वाली टीम
इस सेवा कार्य में महिला मंडल की सक्रिय सदस्याएँ मधु सिंह, डॉ. संगीता सिंह, संजू श्रीवास्तव, प्रची सहित कई महिलाएँ मौजूद रहीं। सभी ने संयुक्त रूप से सामग्री मठ परिसर में पहुंचाई और आयोजन समिति को सौंप दी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रयास
मठ प्रशासन के अनुसार इस बार महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में महिला मंडल द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री का उपयोग बड़े पैमाने पर होने वाले प्रसाद वितरण में किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को सुविधा होगी और भंडारे के आयोजन में भी सुगमता बनी रहेगी।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









