चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहुली गांव में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक कलह से जूझ रहे 35 वर्षीय कृष्णा गोस्वामी ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना ने पूरे गांव को दहला दिया है। जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं चार मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ऐसे हुआ हादसे का खुलासा
जानकारी के मुताबिक, कृष्णा गोस्वामी रात को अपने कमरे में सोने गए थे। देर रात तक जब वह बाहर नहीं निकले तो परिजनों को चिंता हुई। खिड़की से झांककर देखा गया तो भीतर का नज़ारा देख सबके होश उड़ गए। कृष्णा फंदे से लटक रहे थे। देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाकर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पारिवारिक कलह बनी वजह
ग्रामीणों के मुताबिक, कृष्णा गोस्वामी पिछले कुछ समय से घरेलू कलह के कारण मानसिक तनाव में थे। यही तनाव उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया और उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कृष्णा गोस्वामी के परिवार में उनकी पत्नी और चार मासूम बच्चे हैं। बच्चों की उम्र कम होने के कारण वे अभी कुछ समझ नहीं पा रहे, लेकिन घर के लोगों की चीख-पुकार और मातम देखकर मासूम भी सहमे हुए हैं। गांव के लोग बताते हैं कि कृष्णा मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव के थे, लेकिन घरेलू विवाद ने उनकी जिंदगी को अंदर से तोड़ दिया।
गांव में शोक की लहर
घटना के बाद से बरहुली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश की, लेकिन हर कोई यही कह रहा है कि चार मासूम बच्चों का भविष्य अब अनिश्चितता में घिर गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि आत्महत्या के पीछे असली कारण क्या था।













