,

बिहार में बदमाशों का तांडव, चंदौली एसपी ऑफिस में तैनात सिपाही को गोली मारकर किया लहूलुहान

चंदौली। जिले के एसपी ऑफिस में तैनात सिपाही वेद प्रताप कुमार पर शनिवार सुबह बिहार के नालंदा जिले में जानलेवा हमला हुआ। बदमाशों ने पहले बेरहमी से पिटाई की और फिर गोली मार दी। गोली उनके पैर में लगी, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम और दहशत का माहौल है। वहीं चंदौली पुलिस ने भी इसकी पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बिहार निवासी वेद प्रताप चंदौली में एंटी भू माफिया सेल में तैनात हैं। वे छुट्टी पर अपने गांव गए थे। बताया जाता है कि शुक्रवार शाम वे अपनी स्कॉर्पियो से बिहार शरीफ से लौट रहे थे। रास्ते में अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव के पास बाइक हटाने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थरों की बारिश कर दी और वाहन को नुकसान पहुंचाया।

इसी रंजिश को लेकर शनिवार सुबह सिपाही वेद प्रताप जब रोजाना की तरह जिम जा रहे थे, तभी बदमाश पहले से घात लगाए बैठे थे। अचानक हमला बोलते हुए उन्होंने लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी और फिर गोली चला दी। गोली उनके पैर में जा धंसी, लेकिन गनीमत रही कि उनकी जान बच गई। हमलावरों ने वारदात के बाद बाइक को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया और फरार हो गए।

वहीं घटना की सूचना पर अस्थावां थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घायल सिपाही की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

संवाददाता- गनपत राय

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!