टेक महिंद्रा के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या, पार्किंग विवाद में पड़ोसी पर फायरिंग का आरोप

फरीदाबाद। सेक्टर-21सी में पार्किंग को लेकर हुई कहासुनी के बाद 42 वर्षीय परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप उनके पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा पर लगा है। रिपोर्टों के मुताबिक, परमजीत टेक महिंद्रा में एशिया हेड के पद पर कार्यरत थे और सिंगापुर से एक पारिवारिक शादी में शामिल होने आए थे।

आरोप है कि शुक्रवार रात विवाद बढ़ने पर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत पर लगातार गोलियां चलाईं। शुरुआती जानकारी में 15 से 16 राउंड फायरिंग और परमजीत को आठ से नौ गोलियां लगने की बात सामने आई है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।

परमजीत मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे। वह दो दिन पहले अपने भांजे की शादी के लिए फरीदाबाद पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक, शादी 24 नवंबर को होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। उनकी हत्या की खबर के बाद परिवार में मातम छा गया।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, दोनों पड़ोसी परिवारों के बीच पहले से तनातनी थी। बताया जा रहा है कि पार्किंग में पालतू कुत्ते को शौच कराने को लेकर भी विवाद होता था। परमजीत का परिवार इसका विरोध करता था और पहले भी इस मुद्दे पर कहासुनी हो चुकी थी।

शुक्रवार रात करीब आठ बजे परमजीत जिम से लौटे थे। आरोप है कि गाड़ी खड़ी करने के दौरान उनकी मोनू से बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से परमजीत की मौत हो गई।

सूचना पर सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद परिवार के साथ फरार हो गया। उसकी तलाश में कई टीमें दबिश दे रही हैं। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पुराने विवाद की भी जांच की जा रही है।

ब्यूरो प्रमुख- फरीदाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!