, ,

युवक की संदिग्ध मौत पर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, मां ने मारपीट का आरोप लगाकर मांगी कार्रवाई

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के पुरानपट्टी गांव में दिलीप राजभर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर प्रदर्शन समाप्त कराया और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक की मां ने थाने में तहरीर देकर मामले की जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

सरिता देवी पत्नी स्वर्गीय केदार ने तहरीर में आरोप लगाया कि पिछले महीने की 29 तारीख को दोपहर में उनके पुत्र दिलीप के साथ मारपीट हुई थी। सिर में चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गया था। उनका आरोप है कि घटना के बाद विपक्षी दिलीप को अपने साथ ले गए।

सरिता देवी के मुताबिक, शनिवार रात उनके बेटे की मौत हो गई। उन्होंने मामले के पीछे पारिवारिक और प्रेम संबंध से जुड़े विवाद की आशंका जताई है। पुलिस से पूरे घटनाक्रम की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

युवक की मौत से नाराज ग्रामीण रविवार सुबह सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर दिया। स्थानीय पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!