वाराणसी। अपना दल (कमेरावादी) की वाराणसी इकाई की ओर से सोमवार को राजातालाब स्थित संपूर्णा लॉन में अखंड भारत के शिल्पकार, भारत रत्न और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद उनके जीवन संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रधान ने कहा कि बारडोली सत्याग्रह के दौरान किसानों के हित में संघर्ष करने पर महिलाओं ने वल्लभभाई पटेल को ‘सरदार’ की उपाधि दी थी। आज़ादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर उन्होंने भारत की एकता को मजबूत किया, इसी कारण उन्हें लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी किसानों, वंचितों और कमेरा वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक न्याय, किसान हित और मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, योगीराज सिंह, उमेशचंद्र मौर्य, बलराम यादव, जितेंद्र मौर्य, प्रभु पटेल, बबलू पटेल, हरिश्चंद्र पटेल, गणेश शर्मा, रामनरेश पटेल सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय पटेल ने की, जबकि संचालन एडवोकेट संजय आर्य ने किया।









