, ,

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किए श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन

वाराणसी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को काशी नगरी पहुंचकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्वयं महाकाल की नगरी उज्जैन से आते हैं, इसलिए काशी विश्वनाथ के दर्शन का आध्यात्मिक महत्व भली-भांति समझते हैं। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वाराणसी में हुए व्यापक विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में बनारस ने विकास की नई पहचान बनाई है और प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से काशी को वैश्विक स्तर पर नई गरिमा प्राप्त हुई है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन एक ऊर्जावान और अनुभवी नेता हैं, जिन्हें संगठन और सरकार दोनों का अनुभव है। उनके नेतृत्व में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जौनपुर के लिए रवाना हो गए। वहां वे उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव के आवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने वाली शोक सभा में शामिल हुए।

ब्यूरो प्रमुख- वाराणसी

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!