,

दीपदान से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली पलटी, दो बच्चों समेत चार की मौत, 12 घायल

चित्रकूट। दीपावली पर भगवान कामतानाथ के दर्शन और दीपदान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार देर रात रामनगर के पास पलट गई। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्रयागराज रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश के रीवा जिले के डीही गांव निवासी ज्ञानेन्द्र सिंह पटेल अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ चित्रकूट आए थे। वापसी के समय ट्रॉली में करीब 20 से 25 लोग सवार थे। रात करीब ढाई बजे रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर के पास ट्रॉली को ट्रैक्टर से जोड़ने वाला गुल्ला निकल गया। इससे ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और कई लोग उसके नीचे दब गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकाला

सूचना मिलने पर रैपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने गोवर्धन उर्फ राधेकृष्ण (50), त्रिवेणी (50), शिवांश (6) और पुष्पराज उर्फ नन्हे (8) को मृत घोषित कर दिया। घायलों में एक 12 वर्षीय बच्ची भी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने घायलों के इलाज के निर्देश दिए

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्था देखी। पुलिस मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ब्यूरो प्रमुख- चित्रकूट

Follow us

error: Content is protected !!