मुगलसराय। नगर की सब्जी मंडी स्थित कैंप कार्यालय में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने रोमी पाल हत्याकांड पर गहन विचार-विमर्श किया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की। व्यापारियों का कहना है कि घटना को लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे उनमें गहरा आक्रोश और असुरक्षा की भावना व्याप्त है।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि मामले की जांच में लगातार टालमटोल की जा रही है। इससे न सिर्फ मृतक के परिवार को न्याय मिलने में देरी हो रही है, बल्कि पूरे व्यापारी समाज में भय का माहौल भी बन गया है। व्यापारियों ने चिंता जताते हुए कहा कि आज रोमी पाल के साथ यह घटना हुई है, कल किसी और व्यापारी के साथ भी ऐसा हो सकता है। यदि पुलिस सहयोग नहीं करेगी तो व्यापारी आखिर न्याय के लिए कहां जाएं।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जल्द ही व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल चंदौली स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय जाकर एसपी से मुलाकात करेगा और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग करेगा। व्यापार मंडल ने स्पष्ट कहा कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलनात्मक कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
इस बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला संरक्षक श्री घनश्याम शर्मा, जिला महामंत्री अनिरुद्ध जायसवाल, नगर कोषाध्यक्ष इम्तियाज़ खान गुड्डू, नगर सदस्य हाजी इलियास, नगर सदस्य दीना जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर रोमी पाल को न्याय दिलाने और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की।









