चंदौली। नवयुवक जन सेवा समिति के तत्वावधान में रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन के अटूट प्रेम के पर्व को एक अनोखे अंदाज में मनाया गया। समिति के अध्यक्ष अंकित जायसवाल ने बगही स्थित वनवासी क्षेत्र की एक नेत्रहीन बहन सरोजा से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राखी बंधवाई और आने वाले एक वर्ष तक उसके संपूर्ण देखभाल का खर्च उठाने का वादा किया।
अध्यक्ष अंकित जायसवाल ने बताया कि सरोजा जन्म से नेत्रहीन है और वे उसे मुंहबोली बहन मानते हैं। हर साल रक्षाबंधन पर वे उससे राखी बंधवाते हैं और उसके सभी खर्चों की जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति को जनहित और सामाजिक सरोकारों के तहत किसी जरूरतमंद बहन से राखी बंधवाकर उसकी देखभाल में योगदान देना चाहिए।
समिति के सदस्य वर्षभर जरूरतमंदों की सेवा और उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति में जुटे रहते हैं। रक्षाबंधन के इस मौके पर आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा यात्रा के तहत वनवासी लोगों को तिरंगा वितरित किया गया और बच्चों को मिठाइयां बांटी गईं।
इस कार्यक्रम में समिति के कई सदस्य मौजूद रहे, साथ ही अमन अली ने भी विशेष सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामाजिक सेवा और भाईचारे को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









