वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मढ़वा गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।
पीड़िता बिंदु पटेल ने बताया कि पति के निधन के बाद वह अपने एक पुत्र और दो पुत्रियों के साथ रहती हैं। सास के निधन के कारण वह 16 दिसंबर को बच्चों समेत प्रयागराज अंत्येष्टि में शामिल होने गई थीं। इस दौरान उनका घर बंद था।
बुधवार को पड़ोसियों ने मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत बिंदु पटेल को फोन पर सूचना दी। प्रयागराज से लौटकर घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। घर के तीन कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और एक कमरे की अलमारी से नकदी व जेवरात गायब थे।
चोरी गई संपत्ति में करीब 35 हजार रुपये नकद, एक सोने की सिकड़ी, एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी सोने की कान की बाली और चांदी की बिछिया शामिल है।
घटना के दौरान पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन अज्ञात चोर मकान में प्रवेश करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। इसी फुटेज के आधार पर बिंदु पटेल ने लालपुर पांडेयपुर थाने में लिखित तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ अन्य तकनीकी और स्थानीय सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। क्षेत्र में लगातार बंद मकानों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं से ग्रामीणों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।













