लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। यह तबादले कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से किए गए हैं। फेरबदल के तहत प्रयागराज जोन, लखनऊ रेंज और पुलिस मुख्यालय सहित कई अहम पदों पर नई तैनातियां की गई हैं।
तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से जुड़ा है, जहां से अमित वर्मा को हटाकर उन्हें आईजी ईओडब्ल्यू बनाया गया है, जबकि अपर्णा कुमार को संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे किरण एस. को लखनऊ रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार रामकुमार को एडीजी लॉजिस्टिक्स, राजकुमार को एडीजी मानवाधिकार, ज्योति नारायण को एडीजी प्रयागराज जोन, डॉ. संजीव गुप्ता को एडीजी यूपी पुलिस मुख्यालय लखनऊ, प्रशांत कुमार को एडीजी प्रशासन, तरुण गाबा को एडीजी सुरक्षा उत्तर प्रदेश, आशुतोष कुमार को एडीजी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड बनाया गया है।
इसी क्रम में राजेश मोदक को आईजी स्थापना लखनऊ, आर.के. भारद्वाज को आईजी रेलवे लखनऊ, आनंद कुलकर्णी को आईजी एंटी करप्शन लखनऊ, अखिलेश निगम को आईजी सीआईडी लखनऊ, एन. कोलांची को आईजी रेलवे प्रयागराज, राजीव मल्होत्रा को आईजी यूपीएसआईएफएस लखनऊ, रोहन पी. कनय को डीआईजी विशेष जांच लखनऊ, मोहम्मद इमरान को डीआईजी भवन एवं कल्याण लखनऊ, संतोष कुमार मिश्र को डीआईजी पीटीएस जालौन तथा विजय ढुल को अपर पुलिस आयुक्त प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है।
सरकार द्वारा किए गए यह सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि इस फेरबदल से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को नई दिशा और गति मिलेगी।









