प्रयागराज। केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के लिए यह गर्व का क्षण है। प्रयागराज से जुड़े सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सुमित कुमार राय को उनकी विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक (विशिष्ट सेवा) से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा।
गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना में राष्ट्रपति की स्वीकृति की पुष्टि की गई है। गृह मंत्रालय के उप सचिव (पी-I) डी. के. घोष द्वारा जारी पत्र में डीआईजी राय को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी गई है। यह पदक देश की आंतरिक सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों को ही प्रदान किया जाता है।
सीआरपीएफ में अपने सेवाकाल के दौरान सुमित कुमार राय ने कई संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में नेतृत्व करते हुए उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। नक्सल प्रभावित इलाकों से लेकर आंतरिक सुरक्षा अभियानों तक, उनके निर्णय, रणनीति और साहसिक नेतृत्व को उच्च स्तर पर सराहा गया है। राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के विरुद्ध अभियानों में उनकी भूमिका को बेहद प्रभावशाली माना गया है।
उनके राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होने की खबर से प्रयागराज सहित सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों में खुशी की लहर है। सहयोगियों का कहना है कि यह सम्मान डीआईजी राय की अनुशासनप्रियता, कर्तव्यनिष्ठा और निस्वार्थ सेवा भावना का परिणाम है।
राष्ट्रपति पदक सुरक्षा बलों में सर्वोच्च सम्मानों में गिना जाता है। यह न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि होती है, बल्कि पूरे बल के मनोबल और देश की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती देने वाला सम्मान माना जाता है।









